पंजाब के अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के पास हेरिटेज स्ट्रीट पर सोमवार सुबह एक विस्फोट में एक व्यक्ति घायल हो गया, ये वही स्थान जहां 6 मई को विस्फोट हुआ था।

6 मई को हुए धमाके के 32 घंटे के बाद अमृतसर में हेरिटेज रोड पर धमाके की आवाज सुनी गई। सुबह करीब साढ़े छह बजे शोर सुनाई दिया। एक व्यक्ति को मामूली चोटें आईं और दो वाहनों के शीशे भी टूट गए।

विस्फोट के बाद, डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने पुष्टि की है कि यह एक कम तीव्रता वाला विस्फोट था। उन्होंने कहा कि यह देसी बम प्रतीत होता है क्योंकि मौके पर कोई डेटोनेटर नहीं मिला है।

हालांकि, विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस ने कहा कि वे घटना के कारणों का "सत्यापन" कर रहे हैं।

अमृतसर के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मेहताब सिंह ने बताया, "हम जांच कर रहे हैं। यहां स्थिति सामान्य है। तोड़फोड़ रोधी, बम निरोधक दस्ते और एफएसएल की टीमें यहां हैं।"

उन्होंने आगे कहा कि एक व्यक्ति के पैर में मामूली चोट आई है। वहीं विस्फोट में आसपास की कुछ इमारतों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस ने कहा, "स्पष्टीकरण के बाद हम बता सकते हैं कि यह कैसे हुआ। हमारी टीमें जांच कर रही हैं।"

घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक सफाईकर्मी ने कहा, 'मैं यहां सफाई कर्मचारी हूं और अपनी ड्यूटी कर रहा था, तभी मैंने धमाके की आवाज सुनी और भारी धुआं देखा।'

पुलिस ने कहा कि 6 मई, शनिवार की रात करीब 11:15 बजे स्वर्ण मंदिर के पास उसी हेरिटेज स्ट्रीट में विस्फोट हुआ, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया।

अमृतसर के एडीसीपी मेहताब सिंह ने कहा कि शनिवार और आज का विस्फोट दोनों ही कम तीव्रता के थे।