लैंड फॉर जाब स्कैम में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। शुक्रवार को लालू यादव की तीन बेटियों के घर पर ईडी की रेड हुई है।  दिल्ली, मुंबई, पटना में 15 जगहों ईडी की टीम पहुंची है। उप मुख्यमंत्री तेजस्वी और राजद विधायक अबू दोजाना के घर पर भी ईडी की टीम पहुंची है। 

दो दिन पहले ही सीबीआई की टीम ने लालू यादव से दिल्ली में पूछताछ की थी। वहीं शुक्रवार को ईडी ने दो राज्यों में छापेमारी कार्रवाई की है। लालू यादव की तीन बेटियों हेमा, रागिनी और चंदा का घर दिल्ली में है, जहाँ ईडी की टीम मौजूद है। 

यह मामला लालू प्रसाद के 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्री रहने के दौरान उनके परिवार को तोहफे में जमीन दे कर या जमीन बेचने के बदले में रेलवे में कथित तौर पर 'ग्रुप-डी' की नौकरी दिए जाने से संबंधित है। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों को मुंबई, जबलपुर, कोलकाता, जयपुर और हाजीपुर में स्थित रेलवे के विभिन्न जोन में 2004-2009 के दौरान ग्रुप-डी पदों पर नियुक्त किया गया था 

आरोप है कि इसके बदले में उन लोगों ने या उनके परिवार के सदस्यों ने लालू यादव और एके इंफोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के नाम पर अपनी जमीन दी।  बाद में इस कंपनी का स्वामित्व प्रसाद के परिवार के सदस्यों ने अपने हाथ में ले लिया था।