समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव गुरुवार को दिल्ली दौरे पर हैं। इस बीच सपा अध्यक्ष राजद सांसद मीसा भारती के घर पहुंचे, जहां उन्होंने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद सपा प्रमुख ने अपने ऑफीशियल ट्विटर अकाउंट पर मुलाक़ात की तस्वीरें शेयर की हैं। दोनों के बीच मुलाकात करीब 20 मिनट तक चली।
सूत्रों के मुताबिक, इस बीच सपा प्रमुख ने लालू यादव के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके अलावा दोनों नेताओं के बीच विपक्षी गठबंधन पर भी चर्चा हुई। हालांकि, बाहर निकलने के बाद मीडिया ने सपा अध्यक्ष से बात करने की कोशिश की, लेकिन अखिलेश यादव बिना कोई जवाब दिए चले गए।
सपा प्रमुख ने क्या कहा?
इस मुलाकात की तस्वीर अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की है। तस्वीर में अखिलेश यादव लालू यादव के सामने कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं। सपा प्रमुख के इस तस्वीर को शेयर करने के बाद यूजर्स ने इसे सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया। तस्वीर को शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा, "आदरणीय लालूजी के साथ 'कुशलक्षेम-मुलाकात'।" https://twitter.com/yadavakhilesh/status/1651480350076403712?s=20
हालांकि इससे पहले मार्च महीने में अखिलेश यादव लालू यादव से मिलने गए थे। बाद में सपा प्रमुख की पत्नी डिंपल यादव भी उनका हालचाल लेने उनके घर गई थीं। लालू यादव पिछले महीने किडनी ट्रांसप्लांट कराकर सिंगापुर से लौटे हैं। लेकिन अब इस मुलाकात के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
बता दें कि इससे पहले नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव 25 अप्रैल को लखनऊ गए थे। उसके बाद दोनों नेताओं ने सपा अध्यक्ष से मुलाकात की थी। जिसके बाद कांग्रेस से गठबंधन कर बीजेपी के खिलाफ मोर्चा बनाने की कवायद तेज हो गई है।