देश का नया संसद भवन बनकर तैयार हो गया है, लेकिन कई विपक्षी दलों ने इस पर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है और नई संसद के उद्घाटन समारोह का बायकॉट करने का एलान किया है।
इसी बीच केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने विपक्षी दलों और राहुल गांधी पर उनका नाम लिए बिना जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, कुछ लोगों के संसद आने पर रोक लग गई। कभी वे संसद न चलने देने के बहाने ढूंढते थे, तो आज वे नए संसद भवन का बहिष्कार कर रहे हैं और अपमानित करने का काम कर रहे हैं।
देश के नए संसद भवन का उद्घाटन 28 मई को होना है। इसको लेकर राजनीतिक पारा चढ़ गया है। कांग्रेस सहित 21 विपक्षी दलों ने उद्घाटन समारोह का बहिष्कार करने की घोषणा की है। वहीं, 25 पार्टियों ने उद्घाटन समारोह का हिस्सा बनने पर सहमति जताई है।
विरोध कर रही विपक्षी पार्टियों का कहना है कि नए संसद भवन का उद्घाटन प्रधानमंत्री के बजाय राष्ट्रपति द्वारा किया जाना चाहिए। उनकी ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि सरकार संविधान और संवैधानिक पद का अपमान कर रही है।
सेनगोल लगाए जाने पर भी पर विवाद हो रहा है। केंद्र सरकार ने नए संसद भवन के उद्घाटन के मौके पर लोकसभा अध्यक्ष की सीट के बगल में सेंगोल लगाने का फैसला किया है, जिसे लेकर भी बवाल मचा हुआ है।
कांग्रेस ने इसे सेंगोल का अपमान बताया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने एक ट्वीट में दावा किया कि इस बात का कोई दस्तावेजी सबूत नहीं है कि माउंटबेटन, सी राजगोपालाचारी और पंडित नेहरू ने सत्ता के हस्तांतरण के प्रतीक के रूप में सेंगोल का उल्लेख किया था। जयराम रमेश ने कहा कि मद्रास प्रांत में एक धार्मिक संस्था ने अगस्त 1947 में राजदंड पंडित नेहरू को सौंप दिया था लेकिन इसे सत्ता हस्तांतरण का प्रतीक नहीं बताया।
कांग्रेस ने यह भी कहा कि भाजपा सेंगोल मुद्दे को उठाकर तमिलनाडु में राजनीतिक लाभ हासिल करना चाहती है।
सूत्रों के अनुसार, 28 मई की सुबह एक विस्तृत समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें वैदिक अनुष्ठान सुबह 7:30 बजे से शुरू होंगे। पूजा करीब 9 बजे तक चलेगी। उद्घाटन समारोह दोपहर बाद शुरु होने की उम्मीद है। इस दौरान पीएम मोदी के अलावा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा के उपाध्यक्ष और सरकार के मंत्री मौजूद रहेंगे।
सूत्रों की मानें तो देशभर से विशेष पुजारी आएंगे और पूजा कराएंगे। सुबह 11:30 बजे संसद सदस्य, लोकसभा अध्यक्ष, राज्यसभा अध्यक्ष सहित अन्य विशिष्ट अतिथि नए भवन के लोकसभा हॉल में बैठ सकेंगे।
समारोह दोपहर 12 बजे शुरू होने की उम्मीद है। जो दोपहर 1:30 बजे तक चलेगा। समारोह के दौरान नए संसद भवन के सेंट्रल हॉल में एक सेनगोल लगाई जाएगी। समापन समारोह को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित कर सकते हैं।