दिल्ली सरकार और केंद्र की बीच विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के बड़े फैसले के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल की पहली प्रतिक्रिया आ गई है। अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले को जनतंत्र की जीत बताया है।
फैसले के बाद अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि- दिल्ली के लोगों के साथ न्याय करने के लिए माननीय सुप्रीम कोर्ट का तहे दिल से शुक्रिया. इस निर्णय से दिल्ली के विकास की गति कई गुना बढ़ेगी। जनतंत्र की जीत हुई।
https://twitter.com/ArvindKejriwal/status/1656559210015133696?s=20
वहीं सांसद राघव चड्डा ने लिखा कि- सत्यमेव जयते, माननीय सुप्रीम कोर्ट के आज के फ़ैसले का स्वागत। ये फ़ैसला लोकतंत्र की जीत है, हर एक दिल्ली वासी की जीत है। केजरीवाल जी और दिल्ली की जनता का संघर्ष रंग लाया.. दिल्ली को दिल्ली वाले चलाएंगे, पैराशूट से उतारे गये LG जैसे लोग नहीं।
दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार और केंद्र के बीच विवाद पर बड़ा फैसला सुनाते हुए कहा कि दिल्ली सरकार की वही शक्तियां हैं, जो दिल्ली विधानसभा को मिली हैं। दिल्ली सरकार को सर्विसेज पर विधायी और कार्यकारी अधिकार है। अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दिल्ली सरकार को ट्रांसफर-पोस्टिंग का अधिकार है और LG चुनी गई सरकार की सलाह पर प्रशासन चलाएंगे। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हम 2019 में जस्टिस अशोक भूषण के फैसले से सहमत नहीं है। जस्टिस भूषण ने 2019 में पूरी तरह केंद्र के पक्ष में फैसला दिया था।
सुप्रीम कोर्ट की 5 जजों की संविधान पीठ- CJI डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस एमआर शाह, जस्टिस कृष्ण मुरारी, जस्टिस हिमा कोहली और जस्टिस पीएस नरसिम्हा ने फैसला सुनाया। इससे पहले कोर्ट ने 18 जनवरी को फैसला सुरक्षित रख लिया था। पांच जजों की संवैधानिक बेंच को यह मामला 6 मई 2022 को रेफर किया गया था।