कुख्यात माफिया अतीक अहमद को उत्तरप्रदेश पुलिस एक बार फिर से अहमदाबाद से ला रही है। यूपी पुलिस के काफिले के दोपहर तक प्रयागराज पहुंचने की संभावना है। पुलिस का काफिला एमपी के शिवपुरी जिले से झांसी के लिए रवाना हो चुका था। इससे पहले राजस्थान के डूंगरपुर जिले में काफिले के एक वाहन में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण उसे करीब एक घंटे तक थाने में रोका गया।
मंगलवार को जब देर रात अतीक अहमद का काफिला राजस्थान के बूंदी पहुंचा और मीडियाकर्मियों ने उसे घेर लिया। मीडिया से बात करते हुए माफिया सरगना ने कहा, 'आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद... आप लोगों की वजह से मैं जिंदा हूं।
इसके बाद जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या वह डरे हुए हैं तो अतीक ने कहा, "मिट्टी में मिला देंगे" बाबा जी “मट्टी में मिल गए हैं। मट्टी में मिलने के बाद रगड़े जा रहे हैं।” माफिया अतीक अहमद का कहना है.. "हमारा परिवार बर्बाद हो गया , हमारी माफियागिरी भी खत्म हो गयी , अब तो हमें बस रगड़ा जा रहा है।" बुलडोजर वाले योगी बाबा के राज में ये क्या हो रहा है।
वहीं उमेश पाल हत्याकांड के सवाल पर अतीक ने कहा, 'मैं जेल में था... मुझे क्या पता होना चाहिए? हम कह रहे हैं कि हम जेल में थे, हमें नहीं पता।' साथ ही जब अतीक से उनके परिवार और बेटे के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बेटे को फोन नहीं किया।
आपको बता दें कि उमेश पाल हत्याकांड में इस बार माफिया सरगना अतीक अहमद को सीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए प्रयागराज लाया जा रहा है। माना जा रहा है कि पुलिस यहां उससे पूछताछ के लिए 14 दिन की कस्टोडियल रिमांड मांग सकती है। इसी साल 24 फरवरी को प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में उमेश पाल और उनके दो पुलिस गार्डों की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पाल की पत्नी जया पाल की शिकायत के आधार पर 25 फरवरी को अतीक अहमद, उनके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन, दो बेटों, सहयोगियों गुड्डू मुस्लिम और गुलाम और नौ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।