एयर इंडिया की एक फ्लाइट में कॉकपिट के नियमों के उल्लंघन का एक और मामला सामने आया है। एयर इंडिया ने कॉकपिट नियमों का उल्लंघन करने पर दो पायलटों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एक पायलट द्वारा अपनी महिला मित्र को एक उड़ान के कॉकपिट में ले जाने के बाद एयर इंडिया ने दो पायलटों (पायलट और सह-पायलट) को रोस्टर से हटा दिया है।
इस मामले में एयर इंडिया ने अपने दोनों पायलटों पर तत्काल कार्रवाई की। इसके अलावा मामले की जांच के लिए एक कमेटी भी गठित की गई है।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा एयर इंडिया पर कॉकपिट नियमों के उल्लंघन के लिए 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने के एक महीने बाद यह घटना फिर से सामने आई है।
केबिन क्रू की शिकायत पर कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, पायलट ने पिछले हफ्ते 3 जून को दिल्ली-लेह फ्लाइट के पायलट ने अपनी महिला मित्र को कॉकपिट में एंट्री दी थी। एयर इंडिया प्रबंधन ने यह कदम केबिन क्रू से कॉकपिट नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने के बाद उठाया है।
एयर इंडिया के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि उड़ान एआई-445 की एक महिला मित्र नियमों का पालन किए बिना कॉकपिट में प्रवेश कर गई। इसके बाद, दोनों पायलटों को एयर इंडिया द्वारा ग्राउंड/ऑफ-रोस्टर कर दिया गया। वहीं, डीजीसीए ने कहा है कि मामले में जरूरी कार्रवाई की जा रही है। जांच के लिए एक कमेटी बनाई गई है।
इस घटना को लेकर एयर इंडिया ने सफाई दी है
इस मामले में एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा- "एयर इंडिया सुरक्षा को गंभीरता से लेती है। जानबूझकर नियमों का उल्लंघन बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाता है। इस तरह के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाता है। उल्लंघन करने वालों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।"
विशेषज्ञों ने माना है कि नियमों का उल्लंघन यात्रियों और चालक दल को जोखिम में डाल सकता है क्योंकि लेह हवाई मार्ग देश के सबसे कठिन और संवेदनशील हवाई मार्गों में से एक है। वहीं, सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कानून के तहत अपराध है।