कर्नाटक में सत्ताधारी भाजपा को बड़ा झटका लगा है। पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण संगप्पा सावदी शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। सावदी ने 12 अप्रैल को भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। तब से ही उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें थीं।
जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मण संगप्पा बेलगाम से बेंगलुरु पहुंचे और कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से मुलाकात की। कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी के साथ बैठक के बाद डीके शिवकुमार ने सावदी के कांग्रेस में शामिल होने की पुष्टि कर दी।
डीके शिवकुमार ने बताया कि लक्ष्मण संगप्पा BJP से इस्तीफा देकर कांग्रेस पार्टी में आ गए हैं। कोई शर्त नहीं है, वह बहुत वरिष्ठ नेता हैं, उन्हें लगता है कि उन्हें BJP में अपमानित किया गया है और ऐसे नेता को कांग्रेस पार्टी में लेना हमारा कर्तव्य है।
वहीं कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने कहा कि सावदी ने एक ही शर्त रखी है कि उनके साथ उचित व्यवहार हो। सावदी को अथानी का टिकट दिया जाएगा, वे कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे और मुझे उम्मीद है कि वह जीत कर आएंगे।
गौरतलब है कि लक्ष्मण सावदी ने 12 अप्रैल को अथानी निर्वाचन क्षेत्र से टिकट नहीं मिलने के बाद विधान परिषद सदस्य और भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा था कि मैं भीख का कटोरा लेकर घूमने वालों में से नहीं हूं। मैं एक स्वाभिमानी राजनेता हूं। मैं किसी के बहकावे में आकर काम नहीं कर रहा हूं।