पीएम मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर जा रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं की बस बेलतरा के पास हाईवे पर खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि दो कार्यकर्ताओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को रतनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
एएसपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि अंबिकापुर से बीजेपी कार्यकर्ता पीएम नरेंद्र मोदी की सभा में शामिल होने रायपुर जा रहा था। मजदूरों की बस बेलतरा पहुंची। इसी दौरान बस अनियंत्रित हो गई और हाईवे पर खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ। इस बीच अधिकांश कार्यकर्ता सो रहे थे।
बस की टक्कर के बाद चीख-पुकार मच गई। बाद में आ रही दूसरी बस के कार्यकर्ताओं ने घायलों की मदद की। साथ ही घटना की जानकारी अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर पहुंचाया।
यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स रेफर किया गया है। पुलिस मृतक भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान कर उनके परिजनों को हादसे की जानकारी भेज रही है।
बस में सवार जयनगर थाना क्षेत्र के जमदेई गांव निवासी दो कार्यकर्ताओं की मौके पर ही मौत हो गयी। बीजेपी बिश्रामपुर मंडल अध्यक्ष लीलू गुप्ता, महासचिव बिशंभर यादव गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दोनों को अपोलो अस्पताल भेजा गया है।