कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को जान से मारने की धमकी दी गई है। इस बात की जानकारी खुद कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर करके दी है। कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है, "मैं मल्लिकार्जुन खरगे और उसके पूरे परिवार को खत्म कर दूंगा" यह धमकी कर्नाटक में BJP कैंडिडेट और PM मोदी के करीबी कहे जाने वाले मणिकांत राठौड़ ने दी है।
कांग्रेस ने लिखा कि मणिकांत पर 3 राज्यों में घोटाले, जान से मारने की धमकी, जानलेवा हमले, अवैध वसूली, धोखाधड़ी, शांति भंग करने जैसे 40 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। BJP और PM मोदी ऐसे गुंडों को आगे बढ़ा रही है, जो समाज के लिए बेहद खतरनाक हैं। मणिकांत राठौर चित्तपुर सीट से बीजेपी प्रत्याशी बताये गए हैं।
वहीं, कांग्रेस ने बीजेपी प्रत्याशी का एक ऑडियो भी शेयर किया है, जिसमें कांग्रेस ने दावा किया है कि चित्तपुर सीट से बीजेपी प्रत्याशी मणिकांत राठौर पर 40 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पीएम मोदी और सीएम बोमई के भी चहेते हैं। कांग्रेस ने आगे कहा कि इस वायरल ऑडियो में बीजेपी नेता को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वह खड़गे के परिवार का सफाया कर देंगे।
वहीं, कांग्रेस ने अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए आगे लिखा कि उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, ड्रग और नशीले पदार्थों की तस्करी, आपराधिक धमकी समेत कई मामले लंबित हैं। साफ है कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है और कर्नाटक चुनाव में 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार ने हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पूरे परिवार को मारने की साजिश रचकर एक नए स्तर को छू लिया है। यह मल्लिकार्जुन खड़गे पर हमला नहीं है बल्कि हर कर्नाटक के सम्मान और जीवन पर हमला है।
इस धमकी को लेकर कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला का आरोप है कि, 'बीजेपी मल्लिकार्जुन खड़गे और उनके परिवार को मारने की योजना बना रही है'
सुरजेवाला ने कहा- चित्तपुर का एक नेता जो पीएम मोदी का भी चहेता है। उसने मल्लिकार्जुन खड़गे और उसके परिवार को मारने का बयान दिया है। बीजेपी अब मल्लिकार्जुन खड़गे को मारने की योजना बना रही है। इसी के साथ कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुरजेवाला ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आरोप लगाया है कि बीजेपी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और उनके पूरे परिवार को मारने की प्लानिंग की जा रही है।
सुरजेवाला ने आगे कहा- आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी पर कर्नाटक की जनता का आशीर्वाद देखकर बीजेपी डर गई है और उसका नेतृत्व अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और उनकी पत्नी और पूरे परिवार को मारने की साजिश रच रहा है।