जम्मू-कश्मीर के राजौरी में शुक्रवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में सेना के 5 जवान शहीद हो गए और कई घायल हो गए। साथ ही कुछ आतंकियों के मारे जाने की भी आशंका है। फिलहाल इस इलाके में ऑपरेशन चल रहा है। सुरक्षा कारणों से जिले में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। वहीं, घायल जवानों को हेलीकॉप्टर से इलाज के लिए एयरलिफ्ट किया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुठभेड़ खराब मौसम और लगातार बारिश के बीच हो रही है। जम्मू क्षेत्र के भाटा धूरियन के तोता गली इलाके में आतंकियों ने सेना के जवानों पर हमला किया, जिसके बाद से इलाके में छिपे आतंकियों के सफाए के लिए ऑपरेशन जारी है।

तीन मई को राजौरी सेक्टर के कंडी जंगल में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर संयुक्त अभियान चलाया गया था। 5 मई को सुबह करीब 7:30 बजे, एक खोजी दल को सूचना मिली कि आतंकवादी गुफा में छिपे हुए हैं। गुफा खड़ी चट्टानों में बनी है। जब सेना के जवान वहां पहुंचे और उन्हें खदेडऩे की कोशिश की तो उन्होंने बम विस्फोट कर दिया। इस हमले में एक अधिकारी समेत चार जवान घायल हुए हैं, वहीं दो जवान शहीद हो गए।

इसके बाद पास की सेना की और टीमों को मुठभेड़ स्थल पर बुलाया गया। वहीं, घायल जवानों को हेलीकॉप्टर से उधमपुर कमांड अस्पताल ले जाया गया है। ऐसी सूचना है कि इलाके में आतंकियों का एक समूह छुपा हुआ है। वहीं  मुठभेड़ में कुछ उग्रवादियों के भी मारे जाने का अनुमान है। फिलहाल ऑपरेशन जारी है।

सुरक्षाबलों ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के बारामूला के वनिगम पायेन करीरी इलाके में मुठभेड़ के दौरान दो आतंकियों को मार गिराया। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। इससे पहले बुधवार को भी दो आतंकी मारे गए थे। वे नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे।

एडीजीपी कश्मीर ने मारे गए आतंकियों के बारे में कहा, 'दोनों स्थानीय आतंकी हैं, जो प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर से ताल्लुक रखते हैं। इनकी पहचान शोपियां जिले के शाकिर मजीद नजर और हनान अहमद शेह के रूप में हुई है। दोनों मार्च 2023 में आतंकी बने थे।