भाजपा की कई राज्यों में संगठनात्मक बदलाव की कवायदों के बीच अब कांग्रेस हाइकमान भी कर्नाटक में मिली बड़ी चुनावी जीत के बाद कई राज्यों के संगठन में भी बदलाव करने की तैयारी में जुटा है। दरअसल कांग्रेस 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियों के चलते सबसे पहले संगठनात्मक फेरबदल की योजना पर काम कर रही है। 

जानकार सूत्रों का कहना है कि अब राजस्थान, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और झारखंड में जल्द नए अध्यक्ष का ऐलान कर सकती करने पर विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही पार्टी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को बड़ी जिम्मेदारी भी सौपी जायेगी, वह उप्र के प्रभार से मुक्त होने वाली हैं। उनका काफी सामान भी लखनऊ से दिल्ली पहुंच चुका है। 

सूत्र बताते हैं कि सबसे पहले ओडिशा, हरियाणा और बिहार में कांग्रेस जल्द नए प्रभारी नियुक्त करेगी। इसके साथ ही महाराष्ट्र और तमिलनाडु में भी प्रभारी बदले जाएंगे। इन दोनों राज्यों के मौजूदा प्रभारी दिनेश गुंडो राव और एचके पाटिल को हाल ही में कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार में मंत्री बनाया गया है। मगर खास बात यह है कि राजस्थान में भी जल्द नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर मुहर लग सकती है। क्योंकि राज्य में अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच मनमुटाव खुलकर सामने आ गया है।

युवा चेहरों को मौका देने के उद्देश्य से जल्द ही एक नई कांग्रेस वर्किंग कमेटी चुनी जा सकती है। रायपुर अधिवेशन में इसे लेकर प्रस्ताव भी पारित हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, पूरे सांगठनिक फेरबदल की प्रक्रिया अगले एक से तीन सप्ताह में पूरी कर ली जाएगी।