भारत ने गुरुवार को ओडिशा के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप तट से नई पीढ़ी की बैलिस्टिक मिसाइल 'अग्नि प्राइम' का सफल परीक्षण किया। यह परीक्षण रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) द्वारा आयोजित किया गया था। उड़ान परीक्षण के दौरान मिसाइल सभी मापदंडों पर खरी उतरी।

अधिकारियों ने कहा कि तीन सफल परीक्षणों के बाद सशस्त्र बलों में शामिल किए जाने से पहले अग्नि प्राइम का यह पहला रात्रि परीक्षण था। मिसाइल के उड़ान डेटा को कैप्चर करने के लिए दो जहाजों को विभिन्न स्थानों पर क्षैतिज रेंजिंग उपकरण जैसे रडार, टेलीमेट्री और इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल ट्रैकिंग सिस्टम के साथ तैनात किया गया था।

डीआरडीओ ने ट्वीट कर अग्नि प्राइम के सफल परीक्षण की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया- 'नई पीढ़ी की बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि प्राइम का पहला प्री-इंडक्शन नाइट लॉन्च 7 जून को ओडिशा के तट से सफलतापूर्वक किया गया।'

अग्नि प्राइम के सफल परीक्षण के दौरान डीआरडीओ और सामरिक बल कमान के शीर्ष अधिकारी भी मौजूद थे, जिसने मिसाइल को सशस्त्र बलों में शामिल करने का मार्ग प्रशस्त किया। मिसाइल के सफल परीक्षण के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डीआरडीओ और सशस्त्र बलों को बधाई दी है।