भगवान सहस्रबाहु पर बयान देकर बागेश्वर धाम सरकार के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री मुश्किल में फंसते नज़र आ रहे हैं। हैहय क्षत्रिय, वंशी ताम्रकार समाज और कलचुरी कलार समाज के लोगों ने पुलिस को ज्ञापन देकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की। 

ज्ञापन में कहा गया है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी भगवान सहस्रबाहु को अत्याचारी कहकर हैहय वंश के क्षत्रिय राजाओं का अपमान किया है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान से हैहय वंशी क्षत्रिय कलचुरि समाज व ताम्रकार समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। 

ओबीसी वर्ग से जुड़े कई क्षत्रिय समुदाय भगवान सहस्रबाहु को देवता के रूप में पूजते हैं। हैहय क्षत्रिय वंशी ताम्रकार समाज और कलचुरी कलार समाज ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा सहस्रबाहु पर दिए गए विवादित बयान पर नाराजगी जताई है। 

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान परशुराम की जयंती पर एक प्रसंग का वर्णन करते हुए क्षत्रिय हैहय वंश के भगवान सहस्रबाहु पर टिप्पणी की थी। इन समुदायों के लोगों का कहना है, कि भगवान सहस्ताबाहु के बारे में विवादित गलत टिप्पणी के लिए आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को क्षमा मांगनी चाहिए। 

बता दें कि इन दिनों सागर में बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा चल रही है। 24 अप्रैल से शुरू हुई कथा का समापन 30 अप्रैल को होगा।