कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। अब तक के रुझानों में कांग्रेस 131 सीटों पर आगे चल रही है वहीं भाजपा ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। चुनावी रुझानों के तुरंत बाद यह बहस चल पड़ी है कि कर्नाटक में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा?

मुख्यमंत्री पद के लिए पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और वर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष DK शिवकुमार का दावा सबसे मज़बूत है। DK शिवकुमार ने चुनाव नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया देते यह बता भी दिया है कि उन्होंने जो वादा पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से किया था उसे पूरा कर दिया है। 

उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस जीत का श्रेय मैं अपने कार्यकर्ताओं और अपनी पार्टी के नेताओं को देता हूं जिन्होंने इतनी मेहनत की है। लोगों ने झूठ का पर्दाफाश किया है। मैंने राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को जीत का आश्वासन दिया था। मैं भूल नहीं सकता जब सोनिया गांधी मुझसे जेल में मिलने आई थी तब मैंने पद पर रहने के बजाय जेल में रहना चुना, पार्टी को मुझपर इतना भरोसा था। 

अब देखना यह है कि विधायक दल की बैठक में कांग्रेस आलाकामन की ओर से किस नाम को आगे बढ़ाया जाता है और मुख्यमंत्री के पद पर किस नाम पर सहमति बनती है। हालाँकि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे ने भी काउंटिंग के दौरान ही यह कह दिया है कि उनके पिता CM पद के प्रबल दावेदार हैं।