शनिवार को बेंगलुरू से लखनऊ के लिए AIX कनेक्ट फ्लाइट को तकनीकी खराबी के कारण टेक-ऑफ के 10 मिनट बाद केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। एयर एशिया के अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक फ्लाइट आई5-2472 ने शनिवार सुबह करीब 6 बजकर 45 मिनट पर उड़ान भरी थी और इसे लखनऊ में सुबह 9 बजे लैंड करना था। हालांकि, उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही इसे ग्राउंड कर दिया गया।
AIX Connect के प्रवक्ता ने कहा, "AIX Connect पुष्टि करता है कि i5-2472, जिसे बेंगलुरु से लखनऊ के लिए संचालित किया जाना है, में एक मामूली तकनीकी समस्या आ गई है और उड़ान को वापस बेंगलुरु के लिए डायवर्ट कर दिया गया है।"
प्रवक्ता ने कहा, "प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है और हम अन्य निर्धारित परिचालनों पर प्रभाव को कम करने के लिए कदम उठा रहे हैं।"