कर्नाटक चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रचार का शंखनाद कर दिया। हुमनाबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी की सरकार में अब हर साल करीब 90 हजार करोड़ रुपये का विदेशी निवेश कर्नाटक में आ रहा है। डबल इंजन सरकार का मतलब होता है- डबल बेनिफिट, डबल स्पीड।
पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस मुझे गालियां देती है लेकिन इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है। कांग्रेस ने तो बाबा साहब अंबेडकर को भी गाली दी थी। पीएम ने कहा कि कांग्रेस जितना कीचड उछालेगी उतना ही कमल खिलेगा।
पीएम ने कहा कि यह चुनाव कर्नाटक को देश में नंबर-1 राज्य बनाने का चुनाव है। एक समय था जब कांग्रेस की सरकार कर्नाटक के लोगों को पीने के लिए पानी भी नहीं देते थे। पीएम मोदी ने कहा, पिछले पांच सालों में कर्नाटक ने विकास की रफ़्तार देखी है। कर्नाटक को देश का नंबर-1 राज्य बनाने के लिए यहां डबल इंजन सरकार का होना बेहद जरूरी है।