दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने शनिवार को दावा किया था कि बचपन में उनके पिता ने उनका यौन शोषण किया था। इस बात को लेकर एक तरफ तो लोग पब्लिक अपीरियंस के दौरान उनके इस स्वीकारनामे की तारीफ़ कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर वे अपने ही बयान के फेर में उलझती दिखाई दे रही हैं।
स्वाति मालीवाल का यह आरोप सोशल मीडिया में जमकर वायरल है। पहले बीजेपी और कांग्रेस की महिला नेताओं ने उनके दावे पर सवाल उठाए थे और अब उनके पूर्व पति भी इस पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। वहीं यूजर्स ट्विटर पर उनके पुराने ट्वीट्स खंगाल रहे हैं जिनमें वे अपने पिता की तारीफ़ों के पुल बांधती नज़र आ रही हैं।
एक यूजर ने सवाल उठाते हुए लिखा है,
तो फिर ये कौन से पिता थे जिन पर आप 2016 तक गर्व कर रही थीं? मुझे ये विश्वास है कि कोई भी बेटी पिता के बारे में झूठ नहीं बोलती। फिर वो झूठ कौन सा है? आज वाला या 2016 वाला? जबाव देना होगा, क्योंकि आपने दुनिया के सबसे पवित्र रिश्ते को कठघरे में खड़ा किया है।
अलावा इसके स्वाति मालीवाल के पूर्व पति नवीन जयहिंद ने नार्को टेस्ट की मांग की है। मालीवाल ने आरोपों को लेकर उनके पूर्व पति का बयान भी सामने आया है। स्वाति मालीवाल की शादी असल में आप हरियाणा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद से हुई थी। कुछ महीने पहले दोनों का तलाक हो गया। अब नवीन जयहिंद ने स्वाति मालीवाल के आरोपों पर एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा- ''मैम, भगवान भूतों से लड़ेगा और सजा देगा। आप भेड़ियों से लड़िए। अगर आप सही भी हैं, तो शायद यह पूरी सच्चाई नहीं है! शोषण और यौन शोषण में अंतर है। नार्को टेस्ट कराकर बता दो।" अपनी मर्जी से सार्वजनिक करें ताकि बाप-बेटी का पवित्र रिश्ता प्रभावित न हो और डॉक्टर से मेंटल हेल्थ चेकअप कराएं।
वहीं वीडियो में नवीन जयहिंद कह रहे हैं- उनके पिता भूतपूर्व सैनिक थे। उसके पिता उसे और उसकी बहन को मारते थे और वह अपने बिस्तर के नीचे छिप जाती थी। लेकिन स्वाति ने मुझे कभी नहीं बताया कि उसके पिता ने उसका यौन शोषण किया। तो यह जानने के लिए, क्योंकि सच केवल स्वाति को ही पता है, सच है या नहीं, उसे लाई डिटेक्टर टेस्ट से गुजरना होगा, उसे खुद जनता के बीच जाना होगा। उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं, करीब 20 साल पहले उनका देहांत हो गया था। इसलिए वह अदालत में नहीं आ पाएंगे… ” ।