एयर इंडिया की दिल्ली से लंदन जा रही फ्लाइट में आज एक यात्री ने इस कदर हंगामा किया कि विमान को वापस लौटना पड़ा। यह विमान वापस दिल्ली एयरपोर्ट उतरा तथा, उस यात्री को फ्लाइट से उतार दिया गया।

जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया फ्लाइट एआई 111, जिसमें करीब 225 यात्री सवार थे, उसमें एक उपद्रवी शख्स ने हंगामा कर दिया। इसके बाद क्रू ने उसे एयरपोर्ट पर वापस लौटने का फैसला किया तथा यात्री को उतारकर फ्लाइट दोबारा लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट रवाना हो गई। एयर इंडिया ने इस मामले में बयान भी जारी किया है।

इसमें कहा गया है कि एक यात्री ने उपद्रव किया, उसने मौखिक और लिखित तौर पर दी गई चेतावनियों को भी नजरअंदाज किया और उपद्रव जारी रखा। उसने केबिन क्रू के सदस्यों के साथ हाथापाई की, जिसमें दो को चोट आई है। बाद में विमान को दिल्ली लौटाया गया और लैंडिंग के बाद शख्स को सुरक्षाकर्मियों के हवाले कर दिया गया। उसके खिलाफ एक एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।