BJP नेता श्रीकांत त्यागी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने रावण को जलाए जाने को लेकर कड़ा विरोध जताया है। त्यागी ने ये बयान अपने सहारनपुर दौरे के दौरान दिया। त्यागी यूपी की राजनीति में धीरे-धीरे अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा है, कि रावण जैसे विद्वान को अब भारतवर्ष में जलने नहीं दिया जाएगा। इसके लिए देश की सभी रामलीला समितियों को भी पत्र लिखा जाएगा। इसके बाद भी अगर रावण का दहन किया जाता है, तो ऐसा करने वालों के ख़िलाफ़ ब्राह्मण समाज मुकदमा दर्ज करवाएगा।
श्रीकांत त्यागी ने कहा कि रावण ब्राह्मण, बुद्धिमान और ज्ञानी था। भगवान श्री राम भी रावण को विद्वान मानते थे। उन्होंने अपने भाई लक्ष्मण को भी ज्ञान प्राप्त करने के लिए रावण के पास भेजा था। ऐसे में जिन लोगों में श्रीराम के गुण नहीं होते वे राम बनकर रावण के पुतले को जलाते हैं। इससे हम ब्राह्मणों की भावनाओं को ठेस पहुंचाती है। अगर पुतला दहन करना है तो दुशासन और दुर्योधन का करना चाहिए। अगर अब कहीं रावण का पुतला जलाया जाता है तो हमारा संगठन इसका कड़ा विरोध करेगा।
कुछ समय पहले श्रीकांत त्यागी एक महिला से बद्सलूकी करने के कारण चर्चा में आए थे। नोएडा के सेक्टर-93बी में ग्रैंड ओमैक्स हाउसिंग सोसाइटी में रहने वाले श्रीकांत त्यागी ने बालकनी को कवर किया हुआ था और बालकनी के चारों ओर बड़ी संख्या में पेड़-पौधे लगाए हुए थे। 5 अगस्त को सोसायटी में रहने वाली एक महिला ने वहां से एक पौधा उखाड़ लिया।
जिसके बाद श्रीकांत त्यागी मौके पर पहुंचे और पेड़ उखाड़ने को लेकर महिला से उलझ पड़े। इस दौरान महिला ने अवैध कब्जे में होने की बात कही। इसी को लेकर श्रीकांत त्यागी और महिला के बीच बहस बढ़ गई। श्रीकांत का एक महिला से बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस विवाद के बाद श्रीकांत त्यागी को जेल जाना पड़ा था।