उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शनिवार 22 अप्रैल से शुरू हो गई है। केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को खुलेंगे। उधर, केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले शनिवार और रविवार को भारी बर्फबारी हुई है, जिसके बाद सरकार की तरफ से एडवाइजरी भी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 29 अप्रैल तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी ने भी यात्रियों से मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए यात्रा शुरू करने की अपील की है। बर्फबारी के बाद जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम के अनुसार यात्रा करने की अपील की है। जिला प्रशासन की टीम की ओर से कहा गया है कि श्रद्धालु मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए यात्रा की तैयारी करें।
खराब मौसम को देखते हुए गढ़वाल कमिश्नर ने केदारनाथ के रजिस्ट्रेशन पर रोक लगा दी है। मौसम साफ होने के बाद रजिस्ट्रेशन फिर से शुरू होंगे। आपको बता दें कि सनातन धर्म में चार धाम यात्रा का विशेष महत्व है। ऐसे में हर साल हजारों लोग केदारनाथ धाम पहुंचते हैं।
वहीं, कपाट खोलने से पहले बाबा केदार के पौराणिक मंदिर को सजाया जा रहा है। केदारनाथ मंदिर को सजाने के लिए 23 क्विंटल से ज्यादा फूल लाए गए हैं। मंदिर समिति द्वारा सुबह से ही काफी लोग मंदिर को सजाने के काम में लगे हुए थे। केदारनाथ में सुबह से ही बड़ी संख्या में बाबा के भक्त पहुंचने लगे हैं, बाबा की उत्सव डोली भी धाम पहुंच गई है। 25 अप्रैल को सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर बाबा के कपाट खुल जाएंगे। दरअसल, केदारनाथ धाम में पिछले कुछ दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है। ऐसे में बर्फबारी के चलते धाम में प्रशासन द्वारा उचित इंतजाम नहीं किए जा सके हैं।