कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बेबाक बोल अमेरिका दौरे पर दूसरे दिन भी जारी रहे। उन्होंने सिलिकॉन वैली में क्षेत्र में स्टार्ट-अप शुरू करने वाले कई बिजनेसमैन से मुलाकात की। इस दौरान पेगासस स्पाइवेयर पर चर्चा करते हुए राहुल ने कहा- मुझे पता है कि मेरा फोन टैप हो रहा है। इतना कहने के बाद अचानक उन्होंने अपना फोन उठाया और बोले- हैलो, मोदी जी। 'उन्होंने यह भी कहा कि वे पहले ऐसे आदमी हैं जिसे अवमानना मामले में इतनी बड़ी सजा दी गई। अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में राहुल ने छात्रों से कहा- भारत में लोकतंत्र को लेकर जंग छिड़ी हुई है। कोई भी संस्था अपने मुताबिक काम नहीं कर पा रही है।
लोकतंत्र का मतलब सिर्फ विपक्ष का होना नहीं होता, बल्कि लोकतंत्र का मतलब होता है कि संस्थाएं विपक्ष का साथ दें। लेकिन हमारे देश में संस्थाएं किसी और के हाथ में हैं। इस दौरान उन्होंने अपनी लोकसभा सदस्यता रद्द होने पर भी अपनी बात रखी व कहा, मैं शायद भारत में मानहानि के मामले में सबसे ज्यादा सजा पाने वाला व्यक्ति हूं। मैंने कभी सोचा नहीं था कि कभी ऐसा कुछ होगा। राहुल बोले जब मैंने 2004 में राजनीति शुरू की थी, तो कभी नहीं सोचा था कि देश में कभी ऐसा देखूंगा, जो अभी हो रहा है।
लोकसभा सदस्यता रद्द होने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 'लेकिन मुझे लगता है कि मेरे पास बड़ा अवसर है, शायद उस अवसर से बड़ा जो मुझे संसद में बैठकर मिलता। जब हमने देखा कि कोई भी संस्थान हमारी मदद नहीं कर रहा है, तब हम सड़कों पर गए और इसलिए भारत जोड़ी यात्रा हुई। राहुल ने दावा किया, ' उन्होंने (प्रशासन ने मुझसे कहा कि देखो अगर तुम कश्मीर जाओगे और 4 दिन पैदल चलोगे तो हो सकता है कि तुम मारे जाओ लेकिन मैंने उनसे कहा कि ऐसा हो जाने दो।