कर्नाटक विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बेल्लारी पहुंचे। इस बीच पीएम मोदी ने फिल्म 'द केरला स्टोरी' का जिक्र कर कांग्रेस पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा, इन दिनों इस तरह की आतंकी साजिश पर बनी फिल्म 'केरल स्टोरी' की खूब चर्चा हो रही है। कहा जाता है कि केरल की कहानी सिर्फ एक राज्य में आतंकी साजिशों पर आधारित है। देश के इतने खूबसूरत राज्य केरल में चल रही आतंकी साजिश का इस फिल्म में खुलासा किया गया है।
पीएम मोदी ने कहा, देश का दुर्भाग्य देखिए कि आज कांग्रेस समाज को खत्म करने की इस आतंकवादी प्रवृत्ति के साथ खड़ी है। इतना ही नहीं कांग्रेस ऐसे आतंकी झुकाव वाले लोगों से पिछले दरवाजे से राजनीतिक सौदेबाजी भी कर रही है। इसलिए कर्नाटक के लोगों को कांग्रेस से सावधान रहने की जरूरत है। ये लोग फिल्म को बैन करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं हैरान हूं जब मैं कांग्रेस को ऐसा करते देखता हूं। https://twitter.com/DNB_ind/status/1654431060317425664?s=20
पीएम मोदी ने कहा, बम, बंदूक और पिस्तौल की आवाज सुनाई देती है, लेकिन अंदर से समाज को खोखला करने की आतंकी साजिश की आवाज नहीं सुनाई देती। इस तरह के आतंक को लेकर कोर्ट ने भी चिंता जताई है। पीएम मोदी ने कहा कि कर्नाटक को देश का नंबर-1 राज्य बनाने के लिए कानून-व्यवस्था सबसे अहम जरूरत है। कर्नाटक का आतंकवाद से मुक्त होना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। भाजपा आतंकवाद के खिलाफ हमेशा सख्त रही है। लेकिन हर बार जब आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई होती है तो कांग्रेस के पेट में दर्द हो जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सूडान में अब गृहयुद्ध की स्थिति है, कहीं से फायरिंग हो रही है तो कहीं से बम फट रहे हैं. घर से निकलना मुश्किल हो गया था। हमारे हजारों भारतीय भाई-बहन सूडान में फंसे हुए थे और कर्नाटक के हमारे सैकड़ों भाई-बहन भी वहां थे।
उन्होंने कहा कि सूडान में हालात ऐसे हैं कि बड़े-बड़े देशों ने भी अपने नागरिकों को वहां से निकालने से इनकार कर दिया है। इसके बावजूद हमने अपनी पूरी वायुसेना तैनात कर दी, नौसेना को खड़ा कर दिया। मां कावेरी के आशीर्वाद से हमने ऑपरेशन कावेरी चलाया और अपने भारतीय भाइयों और बहनों को वापस लाया गया है।
दरअसल, द केरला स्टोरी को आज देश भर में रिलीज किया गया। इस फिल्म को लेकर विवाद चल रहा है। फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी की गई है। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट में अर्जी भी दाखिल की गई थी। कोर्ट ने सुनवाई से इनकार कर दिया।