मोदी सरकार ने अरहर, मूंग और उड़द दाल की एमएसपी यानि न्यूनत्तम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक में 2023-24 मार्केटिंग सीजन के लिए खरीफ फसलों के एमएसपी में बढ़ोतरी पर मुहर लगा दी गई।
अरहर दाल के एमएसपी में 400 रुपये की बढ़ोतरी कर 7000 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई है वहीं उड़द दाल की एमएसपी में भी 350 रुपये की बढ़ोतरी कर 6950 रुपये प्रति क्विंटल और मूंग के एमएसपी में 10.4 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 7755 रुपये से बढ़ाकर 8558 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई है।
हाल ही में ट्रेडर्स और मिलर्स ने अरहर दाल की एमएसपी में बढ़ोतरी किए जाने की मांग की थी जिससे देश में अरहर दाल की ज्यादा पैदावार हो सके। पिछले कुछ महीनों में अरहर दाल की कीमतों में 10 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी देखने को मिली है। देश में अरहर दाल की खपत को पूरा करने सरकार ने 2023-24 मार्केटिंग सीजन के लिए अतिरिक्त मात्रा में अरहर दाल का आयात किया है जिससे घरेलू मार्केट में बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाई जा सके।