राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 3 मार्च को दोपहर 12 बजे 7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी। राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर और साँची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीरजा गुप्ता शामिल होंगी।
साँची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय और इंडिया फाउंडेशन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन भोपाल में किया जा रहा है। नए युग में मानववाद के सिद्धांत पर केंद्रित सम्मेलन 3 से 5 मार्च तक कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय सभागार, भोपाल में होगा।
धर्म-धम्म के वैश्विक विचारों को एक मंच प्रदान करने वाले इस सम्मेलन में 15 देशों से 350 से अधिक विद्वान शामिल हो रहे हैं। इसमें भूटान, मंगोलिया, श्रीलंका, इंडोनेशिया, थाइलैंड, वियतनाम, नेपाल, दक्षिण कोरिया, मॉरिशस, रूस, स्पेन, फ्रांस, अमेरिका और ब्रिटेन की सहभागिता रहेगी।
4 मुख्य सत्र में 25 विद्वान का होगा संबोधन
तीन दिवसीय सम्मेलन में 4 मुख्य सत्रों में 25 विद्वान अपने विषय का निरूपण करेंगे। इसी दौरान 15 समानान्तर-सत्र भी होंगे, जिसमें सम्मेलन की थीम "नए युग में मानववाद का सिद्धांत" पर केंद्रित 115 शोध-पत्र पढ़े जाएंगे। इस सम्मेलन में पहली बार एक अनूठा मंत्री-सत्र भी होगा, जिसमें 5 देशों के मंत्री सांस्कृतिक, सामंजस्य और विभिन्न विषय पर चर्चा करेंगे। इस सत्र में भूटान, श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल और भारत के मंत्री शामिल होंगे।