कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान हो गया है. चुनाव आयोग ने प्रेस कांफ्रेंस कर तारीख का ऐलान करते हुए बताया कि 224 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 10 मई को मतदान होगा और 13 मई को नतीजे घोषित किये जायेंगे.
फ़िलहाल, कर्नाटक में बीजेपी की सरकार हैं. साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान जनता ने किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं दिया था. तब कांग्रेस और जेडीएस ने मिलकर सरकार बनाई और मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी बने थे.
मुख्यमंत्री बनने के करीब 14 महीने बाद ही उनकी सरकार गिर गई क्योंकि कांग्रेस के बागी विधायकों के ज़रिये बीएस येदियुरप्पा ने बीजेपी की सरकार बनाई और खुद सीएम बन गए.
हालांकि, 2 साल बाद फिर से कर्नाटक की सियासत में बड़ा बदलाव तब हुआ जब येदियुरप्पा को भी मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा.
बीजेपी ने उनके ज़रिये सरकार बनाकर उन्हें ही सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाते हुए बसवराज बोम्मई को मुख्यमंत्री बना दिया.
अब एक बार फिर तमाम राजनीतिक दल जनता के बीच अपनी किस्मत आजमाने के लिए निकलने लगे हैं. बीजेपी से लेकर सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है.
बीजेपी को उम्मीद तो पूरी हैं कि बिना जोड़-तोड़ के पूर्ण बहुमत से फिर वापसी करेंगे लेकिन ये तो सिर्फ मतदाताओं के हाथ में ही हैं क्योंकि जो उनकी उम्मीदों पर खरा उतरेगा वहीं सत्ता की दहलीज चढ़ पायेगा. अगर ऐसा नहीं हुआ तो फिर पिछले चुनाव की तरह ही बहुमत के आकड़े तक पहुंच पाना भी मुश्किल ही दिखाई देगा.