आगामी 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए सभी विपक्षी दलों ने BJP के ख़िलाफ़ मोर्चा खोल दिया है। भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ विपक्षी मोर्चे के एकजुट होने का दम भर रहे हैं। इसी बीच, राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने पीएम नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगला प्रधानमंत्री 'बिना पत्नी के नहीं होना चाहिए'।

पत्रकारों से बात करते हुए, लालू प्रसाद यादव ने कहा, “जो भी पीएम बनता है उसे पत्नी के बिना नहीं रहना चाहिए। बिना पत्नी के पीएम आवास में रहना गलत है। इसे ख़त्म किया जाना चाहिए"

इससे पहले लालू प्रसाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को शादी करने की सलाह दी थी, क्योंकि उन्हें विपक्ष की ओर से पीएम चेहरे के संभावित उम्मीदवारों में से एक माना जा रहा है।

अन्य बातों के अलावा, जब उनसे पूछा गया कि विपक्षी गठबंधन को कितनी सीटें मिलेंगी, तो लालू प्रसाद ने कहा, "कम से कम 300 सीटें।" पीएम मोदी के इस बयान पर टिप्पणी करते हुए कि किसी भी भ्रष्ट व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, इस पर लालू प्रसाद ने कहा कि नरेंद्र मोदी भ्रष्ट राजनेताओं के संयोजक हैं, उन्होंने महाराष्ट्र की राजनीति का उदाहरण दिया जहां 2 जुलाई को एनसीपी दो वर्गों में विभाजित हो गई थी- शरद पवार गुट और अजित पवार गुट।

इससे पहले 23 जून को 17 पार्टियां और उनके प्रतिनिधि बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के बुलावे पर विपक्षी एकता दिखाने के लिए पटना में जुटे थे। विपक्षी एकता बनाकर 2024 में पीएम नरेंद्र मोदी को केंद्रीय सत्ता से कैसे हटाया जाए, इसकी रणनीति बनाई जा रही है। बताया जा रहा है कि इस बैठक के बाद एक और बैठक होगी। पहले यह दूसरी बैठक शिमला में होनी थी लेकिन बाद में इसे बदलकर बेंगलुरु कर दिया गया।

इसे लेकर लालू यादव ने गुरुवार को पटना एयरपोर्ट पर कहा कि वह दिल्ली के बाद बेंगलुरु जाएंगे। पीएम नरेंद्र मोदी को हटाने के लिए बैठक की जाएगी और रणनीति बनाई जाएगी।