दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े CBI मामले में कोर्ट ने मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 12 मई तक बढ़ा दी है। सिसोदिया की न्यायिक हिरासत गुरुवार को पूरी होने के बाद उन्हें दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया।

मनीष सिसोदिया के वकील ने राउज एवेन्यू कोर्ट को बताया कि CBI ने मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इसके बाद कोर्ट ने CBI को चार्जशीट की ई-कॉपी मनीष सिसोदिया को देने का निर्देश दिया था। बता दें कि इससे पहले 25 अप्रैल को CBI ने शराब घोटाला मामले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ पहली बार चार्जशीट दाखिल की थी।

सिसोदिया के साथ, शराब कारोबारी अमनदीप सिंह ढल, अर्जुन पांडे और हैदराबाद के सीए बुच्ची बाबू गोरंटला का नाम भी जांच एजेंसी द्वारा दायर पहले पूरक आरोप पत्र में शामिल है। इसके अलावा शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर राउज एवेन्यू कोर्ट 28 अप्रैल को शाम चार बजे फैसला सुनाएगी।

बुधवार को फैसला नहीं सुनाया गया क्योंकि फैसला तैयार नहीं था। 18 अप्रैल को कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। फैसला 28 अप्रैल को शाम चार बजे सुनाया जाएगा। मनीष सिसोदिया इस समय तिहाड़ जेल में बंद हैं।