दिल्ली के श्रद्धा वॉकर हत्याकांड जैसा ही एक मामला मुंबई से सामने आया है। मुंबई में लिव-इन पार्टनर की हत्या करने के बाद आरोपी ने शरीर के कई टुकड़े किए और बदबू से बचने के लिए टुकड़ों को प्रेशर कुकर में उबाला। अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला शहर के मीरा रोड स्थित नया नगर थाना क्षेत्र के गीता-आकाशदीप सोसाइटी का है। यहां पर 56 साल के मनोज साहनी लंबे समय से अपनी लिव-इन पार्टनर सरस्वती वैद्य (36) के साथ सोसाइटी की 7वीं मंजिल पर रहते थे। मनोज के फ्लैट से कुछ दिनों से अजीब सी बदबू आ रही थी। बदबू ने उसके पड़ोसियों को परेशान कर दिया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर नया नगर थाना पुलिस मनोज के फ्लैट पर पहुंची और मनोज का दरवाजा खटखटाया. गेट खोलने के बाद अंदर पहुंचे पुलिस व अन्य लोगों को तेज गंध महसूस हुई.जांच करने पर पुलिस को घर के अंदर महिला के शरीर के टुकड़े मिले. यह देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। मनोज को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। पूछने पर उसने बताया कि शव उसकी लिव इन पार्टनर सरस्वती का है।
पुलिस का कहना है कि मनोज और सरस्वती के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। गुस्से में मनोज ने अपनी लिव इन पार्टनर की हत्या कर दी। इसके बाद वह बाजार गया और एक पेड़ काटने की मशीन ले आया। फ्लैट पर लौटने के बाद शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए गए। पुलिस ने पाया कि उसने शरीर के कई टुकड़ों को प्रेशर कुकर में उबाला था। पुलिस के मुताबिक सबूत मिटाने और बदबू दूर करने के लिए उसने ऐसा किया होगा।