हावड़ा में रामनवमी के दिन हिंसा की सीआईडी जांच होगी। राज्य की ममता सरकार ने सीआईडी जांच का आदेश दिया है। सीआईडी के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप समेत कई ब्रांच जांच में शामिल होंगी। इसमें डीआईजी रैंक के अधिकारी होंगे।
विपक्ष द्वारा मोर्चा खोलने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह फैसला लिया है। बीजेपी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने भी हावड़ा हिंसा में विदेशी साजिश बताते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल बीजेपी के लोकसभा सांसद जगन्नाथ सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर मामले में एनआईए जांच की मांग की है। उनका कहना है कि हिंसा के कारणों का पता लगना चाहिए।
वहीं हिंसा के बाद से इलाके में धारा 144 लगा दी गई है और पुलिस द्वारा लगातार स्थिति पर नज़र राखी जा रही है। हावड़ा में कुछ इलाकों में 3 अप्रैल तक धारा 144 बढ़ाई भी गई है। इसके अलावा हावड़ा के कई इलाकों 1 अप्रैल रात दो बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद हैं।