बहुचर्चित फिल्म 'द केरल स्टोरी' पर पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी सरकार ने बैन लगा दिया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी फिल्म के प्रति अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि यह कहानी मनगढ़ंत है।
फिल्म 'द केरल स्टोरी' सोशल मीडिया के साथ सियासी जगत की सुर्खियों में बनी हुई है। वहीं यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी धमाल मचा रही है। फिल्म में केरल के हिंदू परिवार की शालिनी उन्नीकृष्णन के फातिमा बनने का दर्दनाक सफर दिखाया गया है। फिल्म में केरल में धर्मांतरण के मुद्दे को उठाया गया है जिस पर विवाद चल रहा है।
फिल्म सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक वर्ग फिल्म को बलपूर्वक धर्मांतरण का जीता जागता सच बता रहा है। वहीं दूसरा वर्ग यह कह रहा है कि फ़िल्म की आड़ में तथ्यों से खिलवाड़ किया गया और समाज में नफ़रत का ज़हर फैलाया जा रहा है।
फिल्म की शुरुआत एक हंसते-खेलते परिवार से होती है, लेकिन इस परिवार की बिटिया शालिनी उन्नीकृष्णन को किस तरह फातिमा बना आतंकवाद की आग में झोंक दिया जाता है फिल्म उसे दिखाती है। फिल्म के बारे में यह कहा गया है कि यह सिर्फ शालिनी की नहीं है, बल्कि केरल राज्य की हजारों लड़कियों की कहानी है।