रामनवमी पर बिहार और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में हिंसा के बाद से केंद्र सरकार अब हनुमान जयंती को लेकर अलर्ट मोड पर है। गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को हनुमान जयंती पर सतर्कता बनाये रखने की एडवाइजरी जारी की है।देश भर में  हनुमान जयंती 6 अप्रैल को मनाई जाएगी। 

गृह मंत्रालय ने एडवाइजरी में राज्य सरकारों को कानून व्यवस्था बनाए रखने, त्योहार का शांतिपूर्ण पालन करने और समाज में सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने वाले किसी भी कारक की निगरानी सुनिश्चित करने के लिए कहा है।  

इधर रामनवमी पर शुरू हुई सांप्रदायिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। इसका सबसे ज्यादा असर पश्चिम बंगाल और बिहार में दिख रहा है। दोनों राज्यों में हिंसा की आग रह-रहकर दोबारा भड़क रही है. उधर कलकत्ता हाईकोर्ट ने भी हनुमान जयंती को लेकर बंगाल सरकार से कहा है कि हम अपने नागरिकों की सुरक्षा चाहते हैं। अगर राज्य में पुलिस बल पर्याप्त नहीं है तो आप पैरामिलिट्री फोर्स की मदद ले सकते हैं। 

वहीं, दिल्ली में भी हनुमान जयंती से एक दिन पहले दिल्ली पुलिस ने जहांगीरपुरी में फ्लैग मार्च किया। पुलिस ने 6 अप्रैल को हनुमान जयंती पर जहांगीरपुरी इलाके में जुलूस निकालने के लिए विश्व हिंदू परिषद और एक अन्य समूह को अनुमति देने से मना कर दिया।