प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कल भोपाल दौरे के चलते आज सुबह से प्रशासन व पुलिस तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है लेकिन इसी बीच बदलते मौसम के चलते मोदी का मोदी का रोड शो एक बार फिर निरस्त कर दिया गया है। मप्र भाजपा इस रोड शो के लिये खास तैयारियों में जुटी थी और लगातार रोडशो का आग्रह कर रही थी। यह रोड शो भोपाल के राजभवन से लेकर पुलिस कंट्रोल रूम तक तय किया गया था। इस बीच भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आज भोपाल पहुंच रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक मोदी यहां कार्यकर्ताओं को बताएंगे कि चुनाव में कैसे टीम बनकर डिजिटल और मैनुअल काम करना है। मप्र समेत देशभर के जिन 3 हजार बूथ के कार्यकर्ताओं को भोपाल बुलाया गया है वह कार्यकर्ता यहां से ट्रेंड होकर चुनावी राज्यों में जाएंगे। इसमें 501 लोकसभा सीटों से कार्यकर्ता शामिल हैं। इस काम के लिये मप्र का चुनाव इसलिये महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यहां के बूथों का इलेक्शन माइक्रो प्लान हाईकमान को बेहतर लगा है। अभी ऐसे तीन लाख पेज इंचार्ज ओटीपी वेरीफाई हो चुके हैं।

प्रधानमंत्री का यह रोड शो होता तो करीब चार सौ मीटर का होता। लेकिन मानसून की सक्रियता के चलते रोड शो कैंसिल करना पड़ा है। इससे पहले भी एक बार प्रधानमंत्री के रोडशो की मंजूरी पीएमओ की ओर से नहीं मिली थी। बाद में भाजपा संगठन के अनुरोध पर रोडशो के लिए राजभवन से पुलिस कंट्रोल रूम तक की परमिशन दी गई थी। 

भोपाल में पुलिस से रोड शो के लिये व्यापक इंतजाम किए थे, इसके चलते ट्रेफिक डायवर्शन किया गया था और रोड शो के मार्ग को सुरक्षा व अन्य एहतियातों के चलते सुबह से ही बंद रखने का फैसला किया गया था। अब मोदी भोपाल में रानी कमलापति रेल्वे स्टेशन पर दो नयी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी देंगे और संबोधित करेंगे, वहीं लाल परेड मैदान के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में वे भाजपा के बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। वे भोपाल से देशभर के करीब दस लाख बूथ कार्यकर्ताओं से जुड़ेंगे। 

माना जा रहा है कि राजनीतिक परिस्थितियों में मोदी का इन कार्यकर्ताओं को संबोधन चुनावी दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण होगा। इधर राज्य सरकार के प्रवक्ता व गृहमंत्री नरोततम मिश्रा ने कहा है कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के अध्यक्ष नड्डा आज भोपाल आ रहे हैं जबकि वैश्विक नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल मध्य प्रदेश दौरे पर आ रहे हैं वे शहडोल और भोपाल में रहेंगे।