तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता मुकुल रॉय लापता हैं। अगर उनके बेटे शुभ्रांशु रॉय की मानें तो सोमवार शाम से मुकुल रॉय का कोई पता नहीं है और उनसे संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। वहीं अब यह सामने आ रहा है कि मुकुल रॉय एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की संभावना है और उन्हें सोमवार रात दिल्ली में देखा गया था।
मुकुल रॉय के बेटे और TMC नेता सुभ्रांशु ने दावा किया कि उनके बीमार पिता के साथ गंदी राजनीति की जा रही थी और पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी को बदनाम करने की कोशिश की जा रही थी। शुभ्रांशु ने बताया था कि रॉय सोमवार शाम इंडिगो की फ्लाइट (6E-898) से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। उन्हें रात 9.55 बजे तक दिल्ली पहुंचना था, लेकिन अभी संपर्क नहीं हो सका है।
इधर पश्चिम बंगाल में कयास लगाए जा रहे हैं कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के संस्थापक सदस्यों में से एक मुकुल रॉय के एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की संभावना है, क्योंकि उन्हें अपने बेटे द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाने के कुछ घंटों बाद सोमवार रात दिल्ली में देखा गया था।
रॉय के भाजपा में शामिल होने की अटकलों को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व संसद सदस्य अनुपम हाजरा की एक सोशल मीडिया पोस्ट से और बल मिला, जिन्होंने मंगलवार को "वापस आना" लिखा था। इसके बाद हाजरा ने मीडिया से यह ही कहा कि “राजनीति में कुछ भी हो सकता है। कृपया देखने के लिए प्रतीक्षा करें,”
वहीं मुकुल रॉय को दिल्ली एयरपोर्टपर एक महिला से यह कहते सुना गया कि “क्या मैं दिल्ली नहीं आ सकता? मैं एक सांसद और विधायक हूं। मेरे दिल्ली आने के पीछे कोई खास वजह नहीं है।” इस बीच NSCBI एयरपोर्ट पुलिस ने रॉय के बेटे द्वारा दर्ज कराई गई गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है। एक स्थानीय भाजपा नेता पीयूष कनोरिया को पूछताछ के लिए बुलाया गया था।