विवादों में चल रहे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री को नागपुर पुलिस ने क्लीन चिट दे दी है। अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के संस्थापक श्याम मानव द्वारा धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी जिस पर पुलिस ने धीरेंद्र शास्त्री को क्लीन चिट दी है।

नागपुर पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि 7-8 जनवरी दरबार से जुड़े वीडियो की पूरी पड़ताल की गई। पुलिस ने बताया पूरी पड़ताल करने के बाद वीडियो में ऐसा कुछ भी नहीं पाया गया जो यह साबित करे कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अंधश्रद्धा कानून 2013 के तहत कोई अंधविश्वास फैलाया है।

नागपुर के पुलिस आयुक्त ने कहा कि अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के धीरेंद्र कृष्ण महाराज द्वारा अंधविश्वास फैलाने के आरोपों में तथ्य नहीं है। अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति की शिकायत पर की गई जांच में धीरेंद्र कृष्ण महाराज के नागपुर के दिव्य दरबार के छह घंटों से ज्यादा वीडियो फुटेज जांचे गए। नागपुर के कार्यक्रम में धीरेंद्र कृष्ण महाराज कहीं भी अंधविश्वास फैला रहे हैं, ऐसा नजर नहीं आता।