राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता प्रसिद्ध पार्श्व गायिका वाणी जयराम का निधन हो गया। हाल ही में वाणी जयराम को देश का तीसरे सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। वाणी जयराम का निधन चेन्नई स्थित उनके घर पर हुआ।
वाणी जयराम के निधन की वजह साफ़ नहीं हो पाई है। हालांकि उनके माथे पर चोट के निशान बताये जा रहे हैं। वे 78 साल की थीं। उन्होंने तीन बार सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्व गायिका का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता है। उन्हें तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, केरल, गुजरात और ओडिशा से राज्य पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं।
वाणी जयराम ने विभिन्न उद्योगों के कुछ सबसे बड़े संगीतकारों के साथ काम किया और सदाबहार गीत दिए। वाणी जयराम ने तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, हिंदी, उर्दू, मराठी, बंगाली, भोजपुरी, तुलु और उड़िया में कई गाने गाये हैं।
उल्लेखनीय है कि वाणी जयराम ने हाल ही में एक पेशेवर गायक के रूप में 50 साल पूरे किए हैं। उन्होंने अपने करियर में 10,000 से अधिक गाने रिकॉर्ड किए हैं। उन्होंने एमएस इलैयाराजा, आरडी बर्मन, केवी महादेवन, ओपी नैय्यर और मदन मोहन सहित अन्य प्रसिद्ध संगीतकारों के साथ काम किया है।