नेपाल के प्रधान मंत्री पुष्प कमल दहल उर्फ 'प्रचंड' अगले सप्ताह भारत की अपनी 4 दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर आ रहे हैं। इस दौरान उनके मध्यप्रदेश में उज्जैन और इंदौर की यात्रा करने का भी प्लान है। भारत के विदेश मंत्रालय ने इसके संबंध में जानकारी दी है।

विदेश मंत्रालय की आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, आधिकारिक व्यस्तताओं के अलावा, नेपाल के प्रधान मंत्री अपनी यात्रा के तहत उज्जैन और इंदौर भी जाएंगे।

दहल, ने पिछले साल दिसंबर में पदभार ग्रहण किया था, अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 31 मई से 3 जून तक वे अपनी भारत यात्रा शुरू करने के लिए तैयार हैं। यात्रा के दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात करेंगे। नेपाल के प्रधानमंत्री दहल की यात्रा के दौरान उनके साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा।

विदेश मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा, पीएम दहल भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय साझेदारी के विविध क्षेत्रों पर चर्चा करने के लिए प्रधान मंत्री मोदी के साथ व्यापक बातचीत भी करेंगे। अन्य भारतीय गणमान्य व्यक्ति भी नेपाल के प्रधान मंत्री से भी मुलाकात करेंगे।

यह यात्रा 'नेबरहुड फर्स्ट' नीति को आगे बढ़ाने में भारत और नेपाल के बीच नियमित रूप से उच्च स्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा को जारी रखती है। सहयोग के सभी क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध काफी मजबूत हुए हैं। यह यात्रा दोनों पक्षों द्वारा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी को गति देने के महत्व को प्रदर्शित करती है।