देशभर में कोरोना के नए मामले तेजी से बढ़ रहें हैं. हर दिन मामले बढ़ने के साथ-साथ मौत भी हो रही है. कल (4 अप्रैल) राजधानी दिल्ली में एक शख्स की कोरोना से मौत हो गई. 

वहीं, महाराष्ट्र में 711 केस आने के साथ ही कोरोना से 4 लोगों की मौत हो चुकी है. उत्तराखंड में कोरोना ने टेंशन बढ़ा दी है. 20 दिनों में यहां कुल तीन लोगों की मौत हो चुकी है.

देश में कोरोना वायरस के संक्रमण ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 4435 नए मामले सामने आए हैं और सक्रिय मरीजों की संख्या 23,000 के पार पहुंच गई है. 

25 सितंबर 2022 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब देश में एक दिन में 4000 से ज्यादा कोरोना के मामले सामने आए हैं. पिछले साल 25 सितंबर को कुल 4,777 मामले सामने आए थे. 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज सुबह 8 बजे तक जारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक भारत में कोविड-19 मामलों की संख्या 4.47 करोड़ (4,47,33,719) को पार कर गई है, जबकि मरने वालों की कुल संख्या 5,30,916 तक हो गई है.
पंजाब में एक बार फिर कोरोना का असर दिखना शुरू हो गया है. राज्य में स्वास्थ्य मंत्रालय ने पिछले 24 घंटे के आंकड़े जारी कर होशियारपुर और जालंधर में दो लोगों की कोरोना से मौत होने की बात कही है. 

वहीं, 38 नए मामले सामने आए हैं. मंगलवार (4 अप्रैल) को जारी आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में जिन 9 कोरोना मरीजों की मौत हुई है. उनमें दिल्ली और पंजाब में दो-दो, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र और उत्तराखंड में एक-एक मौत हुई है.

इससे पहले, भारत ने सोमवार (3 अप्रैल) को 3641 नए कोरोनोवायरस मामलों और कुल 11 मौतों की सूचना दी थी. महाराष्ट्र में तीन और दिल्ली, केरल, कर्नाटक और राजस्थान में एक-एक मरीज की मौत हुई है. इसमें केरल की ओर से जारी चार मौत के मामले भी शामिल हैं. 

स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि देश में कोविड के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. हालांकि, अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या में ज्यादा इजाफा नहीं हुआ.

अब तक कितने टीके लगे-

केंद्रीय मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, देशव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत देश में अब तक कोविड टीके की 220.66 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं. कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 4,41,77,204 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 फीसदी दर्ज की गई है. 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, कोविड-19 के लिए दैनिक सकारात्मक दर वर्तमान में 6.1 प्रतिशत है, जबकि साप्ताहिक सकारात्मक दर 2.4 प्रतिशत पर पहुंच गई है.

दिल्ली-महाराष्ट्र के आंकड़े-

दिल्ली, महाराष्ट्र में बड़ी संख्या में नए मामले सामने आ रहे हैं. दिल्ली में मंगलवार को कोरोना के 521 नए मामले मिले हैं, 216 मरीज ठीक हुए हैं और एक मरीज की मौत हुई है. 

मंगलवार को महाराष्ट्र में संक्रमण के 711 नए मामले सामने आए, जिनमें से 218 मुंबई में पाए गए. राज्य में पिछले 24 घंटों में संक्रमण से चार लोगों की मौत भी हुई है. राज्य में पिछले सात दिनों में 11 लोगों की मौत हुई है.