बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली दौरे पर हैं. नीतीश कुमार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर गए और उनसे मुलाकात की. इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे. इससे पहले नीतीश कुमार ने मंगलवार शाम लालू यादव से मुलाकात की थी.
2024 के लोकसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार का दिल्ली दौरा काफी अहम माना जा रहा है. वह लगातार बीजेपी के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं.
माना जा रहा है कि मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ नीतीश कुमार की बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई. हालांकि, नीतीश कुमार दिल्ली दौरे के बाद से खामोश हैं.
इससे पहले नीतीश कुमार सोमवार शाम लालू यादव की बेटी मीसा भारती के घर पहुंचे थे. यहां उनकी मुलाकात लालू यादव से हुई थी. किडनी ट्रांसप्लांट के बाद नीतीश कुमार की लालू यादव से पहली मुलाकात थी.
इसके बाद नीतीश मंगलवार को तेजस्वी यादव के घर पहुंचे थे. यहां उन्होंने तेजस्वी और उनकी पत्नी से मुलाकात कर बेटी को आशीर्वाद दिया था.
2024 से पहले विपक्ष को एक करने की कोशिश-
इसके अलावा नीतीश कुमार आज विपक्ष के और भी कई बड़े नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं. नीतीश एक बार फिर 2024 से पहले विपक्ष को एक करने की तैयारी में हैं.
फरवरी में, नीतीश कुमार ने जोर देकर कहा था कि अगर कांग्रेस सहित सभी विपक्षी ताकत 2024 का लोकसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ती हैं, तो बीजेपी 100 से भी कम सीटों पर सिमट जाएगी.
नीतीश कुमार इससे पहले पिछले साल भी सितंबर में दिल्ली आए थे, जब उन्होंने शरद पवार, अरविंद केजरीवाल, डी राजा, सीताराम येचुरी और अखिलेश यादव जैसे नेताओं से मुलाकात की थी.