प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक जुलाई को शहडोल जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय स्तर पर सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन की लाँचिंग और पीवीसी आयुष्मान कार्डों के वितरण का शुभारंभ करेंगे। साथ ही स्व-सहायता समूह की लखपति दीदियों, ग्राम फुटबाल क्लब के खिलाड़ियों एवं जनजातीय मुखियाओं से भी चर्चा करेंगे।
शहडोल यात्रा को लेकर प्रधानमंत्री मोदी उत्साहित हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा- देशभर के हमारे आदिवासी भाई-बहनों के घर-घर तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए हमारी सरकार कृतसंकल्प है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के शहडोल में कल दोपहर 3.30 बजे आदिवासियों के कल्याण से जुड़े एक महत्वपूर्ण मिशन का शुभारंभ करूंगा। इसके साथ ही वहां के पकरिया गांव जाने का भी सौभाग्य मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी के इस ट्वीट पर मुख्यमंत्री शिवराह सिंह चौहान ने लिखा- आदरणीय प्रधानमंत्री जी के शुभागमन के समाचार से प्रदेशभर के जनजातीय भाई-बहनों में उत्साह का वातावरण है। जनजातीय वर्ग के उत्थान एवं कल्याण के लिए प्रधानमंत्री जी की प्रतिबद्धता हमें प्रेरणा देती है।
प्रधानमंत्री मोदी शहडोल में राष्ट्रीय स्तर पर सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन 2047 का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में केन्द्र सरकार के स्वास्थ्य, जनजातीय कार्य, आयुष मंत्रालय और देश के 17 राज्यों के प्रतिनिधि वर्चुअली शामिल होंगे। प्रदेश के 20 जनजातीय बहुल जिलों के 89 विकासखण्डों के करीब 3 हजार हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर्स के 2 लाख से अधिक हितग्राहियों को सिकल सेल जेनेटिक काउन्सलिंग कार्ड का वर्चुअली वितरण किया जाएगा। इन कार्डों में सिकल सेल एनीमिया के परीक्षण के बाद की पूरी रिपोर्ट होगी।
प्रधानमंत्री मोदी शहडोल में सिकल सेल ऑपरेशन गाइड-लाइन एवं मेनुअल का अनावरण, नेशनल सिकल सेल पोर्टल एवं डेश बोर्ड का शुभारंभ करेंगे। प्रदेश के 25 हजार 500 से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शहडोल में पीवीसी आयुष्मान कार्ड वितरण योजना का भी शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री द्वारा योजना के शुभारंभ के बाद ग्राम पंचायत और नगरीय निकाय स्तर पर जन-प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पीवीसी आयुष्मान कार्ड वितरित किए जाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी शहडोल में लखपति दीदियों से संवाद करेंगे। महिला स्व-सहायता समूह में जिन दीदियों की वार्षिक आय एक वर्ष में एक लाख रुपये से अधिक होती है, उन्हें लखपति दीदी कहा जाता है। दीदियों ने मेहनत और परिश्रम से अपनी आर्थिक स्थिति सुधारी है। मध्यप्रदेश में पेसा एक्ट लागू हुआ है, कई ग्राम सभाओं ने तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य किया है, ऐसी ग्राम सभाओं से भी प्रधानमंत्री मोदी का संवाद होगा। प्रधानमंत्री मोदी शहडोल के आस-पास, गाँव-गाँव में सक्रिय फुटबाल क्लबों के खिलाड़ियों से भी बातचीत करेंगे। साथ ही जनजातीय समाज के मुखियाओं से भी चर्चा करेंगे।