प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तेलंगाना दौरे पर पहुंचे। यहं उन्होंने वंदे भारत एक्सप्रेस को झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वंदे भारत एक्सप्रेस हैदराबाद और तिरुपति के बीच चलेगी। इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय लगभग साढ़े तीन घंटे कम हो जाएगा।
भगवान वेंकटेश्वर के मंदिर तिरुपति जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए यह वंदे भारत एक्सप्रेस विशेष रूप से फायदेमंद होगी। पीएम मोदी ने ट्रेन को रवाना करने से पहले उसका निरीक्षण भी किया और स्कूली बच्चों से बातचीत की। वे यहाँ एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
उद्घाटन के दौरान उनके साथ तेलंगाना बीजेपी के अध्यक्ष संजय कुमार बांदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और अन्य नेता मौजूद रहे। सिकंदराबाद में ही पीएम सिकंदराबाद-महबूबनगर परियोजना के दोहरीकरण और विद्युतीकरण को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 85 किलोमीटर से अधिक की दूरी तक फैली यह परियोजना लगभग 1,410 करोड़ रुपये की लागत से पूरी की गई है।