प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा संसदीय दल की बोर्ड बैठक में तुर्की में आए भूकंप की घटना पर दुख जताया है। तुर्की की दयनीय स्थिति के बारे में बात करते हुए पीएम मोदी भावुक हो गए। इस दौरान उन्होंने 2001 में कच्छ में आए भूकंप को याद किया। 

भाजपा संसदीय दल की बैठक में तुर्की और सीरिया में आए भूकंप की त्रासदी पर गहन दुख व्यक्त किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भारतीय जनता पार्टी संसदीय दल की बैठक में शामिल हुए। इस मुलाकात में पीएम मोदी ने तुर्की में आए विनाशकारी भूकंप का जिक्र किया और भावुक हो गए।

पीएम मोदी ने गुजरात के कच्छ भूकंप को याद करते हुए कहा, 'हमने भी ऐसी भयावहता का सामना किया है। भारत तुर्की को हर संभव मदद देगा, इस मुश्किल घड़ी में भारत तुर्की के साथ खड़ा है।' पीएम मोदी ने कहा, तुर्की में आए भूकंप से जान-माल के नुकसान से मुझे गहरा दुख हुआ है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। 

पीएम मोदी के निर्देश पर प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा ने तुर्की को तत्काल मदद के मुद्दे पर अहम बैठक बुलाई। बैठक में फैसला लिया गया कि एनडीआरएफ और मेडिकल टीम को खोज और बचाव कार्यों के लिए तुर्की भेजा जाएगा। 

इसके साथ ही तुर्की को भी जल्द से जल्द राहत सामग्री भेजी जाएगी। एनडीआरएफ की दोनों टीमों में 100 कर्मी होंगे। जिसमें डॉग स्क्वॉड भी शामिल है। इसके अलावा ये टीमें अपने साथ जरूरी उपकरण भी रखेंगी। मेडिकल टीम में डॉक्टर, अन्य स्टाफ और जरूरी दवाएं होंगी।

आपको बता दें कि, सोमवार (06 फरवरी) को तुर्की में विनाशकारी भूकंप आया था। इसकी तीव्रता 7.8 मापी गई थी। भूकंप इतना भयानक था कि अब तक भूकंप से 4890 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 15 हजार से ज्यादा लोग घायल हैं। इस आपदा को देखकर हर किसी का दिल रो उठा है। मलबे में दबी लाशों और घायलों को देखकर लोगों का दिल बैठा जा रहा है।