प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। पीएम मोदी ने इस दौरान दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाई। इस मौके पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस मौजूद रहे। 

पहली वंदे भारत मुंबई-सोलापुर की बीच और दूसरी वंदे भारत 'मुंबई-साईंनगर शिरडी' के बीच चलेगी। इस मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी वंदे भारत ट्रेन को रेलवे के लिए क्रांति बताया है। 

पीएम मोदी ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन आज के आधुनिक होते भारत की बहुत ही शानदार तस्वीर है। यह भारत की स्पीड और स्केल दोनों का प्रतिबिंब है। अभी तक 10 वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू हो चुकी हैं और 17 राज्यों के 108 जिले इससे कनेक्ट हो चुके हैं।  

पीएम ने कहा कि आज देश में आधुनिक ट्रेनें चलाई जा रही हैं, मेट्रो का विस्तार हो रहा है, नए-नए एयरपोर्ट्स और पोर्ट्स बनाए जा रहे हैं। भारत के इतिहास में पहली बार 10 लाख करोड़ रुपये भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए रखे गए हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर पर निवेश किया गया हर रुपया नए रोजगार की संभावना बनाता है।