प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने अमेरिकी दौरे के आखिरी दिन रोनाल्ड रीगन सेंटर में प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यहां मैं भारत के हर कोने से आए लोगों को देख सकता हूं। ऐसा लगता है कि एक लघु भारत का उदय हो गया है। मैं आपको अमेरिका में भारत की एक सुंदर और सर्वश्रेष्ठ तस्वीर दिखाने के लिए बधाई देता हूं।

इस दौरान लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए। इसके बाद पुरस्कार विजेता अंतरराष्ट्रीय गायिका मैरी मिलबेन ने भारत का राष्ट्रगान 'जन गण मन...' गाया। इसके बाद मिलबेन ने पीएम के पैर छुए।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और अमेरिका आधुनिक लोकतंत्र का चैंपियन है। आज दुनिया दो महान लोकतंत्रों की साझेदारी को मजबूत होते देख रही है। भारत में हो रही प्रगति का सबसे बड़ा कारण भारत के लोगों का विश्वास है। पिछले कुछ वर्षों में भारत में डिजिटल क्रांति आई है।

भारत इस साल सिएटल में एक नया वाणिज्य दूतावास खोलने जा रहा है। इसके अलावा अमेरिका के 2 और शहरों में भारतीय दूतावास खोले जाएंगे।