भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के बयान का हवाला देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को भ्रष्टाचार से ज्यादा नफरत नहीं है। सत्यपाल मलिक ने हाल ही में एक इंटरव्यू में सनसनीखेज दावा किया था कि प्रधानमंत्री मोदी को भ्रष्टाचार से नफरत नहीं है।

सत्यपाल मलिक पूर्ण राज्य के रूप में जम्मू-कश्मीर के अंतिम राज्यपाल थे। उनके कार्यकाल में वहां से धारा 370 को खत्म किया गया था। बाद में राज्य को दो भागों लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में विभाजित कर केंद्र शासित प्रदेश बना दिया गया।

हाल ही में सत्यपाल मलिक ने एक इंटरव्यू में कहा था, 'प्रधानमंत्री को भ्रष्टाचार से ज्यादा नफरत नहीं है। इसका बड़ा सबूत है कि मैंने गोवा में उनसे शिकायत की कि ये भ्रष्टाचार हो रहा है, निचले स्तर का भ्रष्टाचार हो रहा है। तीन दिन बाद उन्होंने खुद मुझे फोन किया और कहा कि सत्यपाल भाई, आपकी जानकारी गलत है। 

मैंने पूछा, 'आपको किससे पता चला, उसने कहा कि फलां आदमी से पता चला।' मैंने कहा कि यह आदमी खुद मुख्यमंत्री के घर में बैठकर पैसे लेता है। उसके एक हफ्ते बाद मेरा तबादला कर दिया गया, तो मैं कैसे मान लूं कि पीएम मोदी को भ्रष्टाचार से कोई समस्या है।

सत्यपाल मलिक के इस बयान को शेयर करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा है। प्रकाशित इंटरव्यू का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा, 'प्रधानमंत्री को भ्रष्टाचार से ज्यादा नफरत नहीं है।'

साल 2019 में जब सत्यपाल मलिक राज्यपाल थे, तब पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर बड़ा आतंकी हमला हुआ था। सत्यपाल मलिक ने इंटरव्यू में यह भी कहा कि प्रधानमंत्री को जम्मू-कश्मीर के बारे में जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलवामा हमले के बाद जब प्रधानमंत्री ने उनसे चुप रहने को कहा था।

मलिक ने दावा किया कि CRPF ने कर्मियों को ले जाने के लिए एक विमान की मांग की थी, लेकिन इसे उपलब्ध नहीं कराया गया। हमले के दिन ही मैंने प्रधानमंत्री से कहा था कि गलती हमारी थी। अगर हमने प्लेन दिया होता तो ऐसा नहीं होता। इसके बाद प्रधानमंत्री ने कहा, आप बस चुप रहिए।