मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को उनके बयानों के लिए जाना जाता है। मामला चाहे कोई भी हो मंत्री नरोत्तम मिश्रा अपनी राय साझा करने से नहीं चूकते। अब गृहमंत्री ने उद्धव ठाकरे को सावरकर की तुलना राहुल गांधी से करने को लेकर समझाइश दी है।
गृहमंत्री ने कहा है कि कांग्रेस के समर्थन से सत्ता की मलाई खाने वाले उद्धव ठाकरे जी को सत्ता जाते ही अब वीर सावरकर जी की याद आ गई। वीर सावरकर जी और राहुल गांधी की तुलना हो ही नहीं सकती। सावरकर जी 14 साल जेल में रहे और राहुल गांधी बेल पर हैं।
वहीं सावरकर को लेकर राहुल गांधी को शिवसेना के विरोध का भी सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस से सावरकर का अपमान न करने की अपील की है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने कहा था कि वह विनायक 'वीर' सावरकर के खिलाफ राहुल गांधी की टिप्पणियों को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा उनके दिल्ली आवास पर बुलाई गई विपक्षी दलों की बैठक में शामिल नहीं होगी।
आपको बता दें, कि राहुल गांधी ने हाल ही में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा था कि मैं गांधी हूं माफी नहीं मांगता मैं सावरकर नहीं हूं,जो माफी मांगू। राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बीते शुक्रवार यानी 24 मार्च को रद्द कर दी गई है। राहुल को गुरुवार को सूरत की अदालत ने मोदी उपनाम से जुड़े मानहानि मामले में दो साल की सजा सुनाई थी।