कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर आ गई है। राहुल गांधी गुरुवार शाम छह बजे कठुआ के लखनपुर जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेंगे। यात्रा पंजाब के पठानकोट होते हुए कठुआ पहुंचेगी। इसके बाद राहुल गांधी कठुआ में शाम को ब्रेक लेंगे और वहीं आराम करेंगे। पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा का आज अंतिम दिन है। वह यहां पिछले 8 दिनों से चल रही है। अब जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने से पहले राहुल गांधी ने दोपहर एक रैली की है। वहीं सुरक्षा एजेंसियों ने जम्मू- कश्मीर में राहुल की सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी भी जारी की है।
फारूक - महबूबा, राउत करेंगे स्वागतः जम्मू-कश्मीर कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल का कहना है कि लखनपुर में नेकां अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती, सीपीएम नेता यूसुफ तारिगामी और शिवसेना नेता संजय राउत राहुल गांधी का स्वागत करेंगे। श्रीनगर में 30 जनवरी को एक विशाल रैली के साथ यात्रा का समापन होगा। यात्रा जम्मू के लखनपुर से होते हुए कठुआ, हीरानगर, हाल न होते हुए कश्मीर घाटी तक जाएगी। सुरक्षा एजेंसियों को राहुल की सुरक्षा को लेकर सबसे बड़ी चिंता उनकी घाटी में होने वाली पैदल यात्रा है।
यात्रा घाटी के कुछ ऐसे रास्तों से गुजरेगी, जहां फूल प्रूफ सिक्योरिटी के इंतजाम किए जा रहे हैं। यहां उनकी पुख्ता सुरक्षा कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ करेगी। एजेंसियों ने राहुल गांधी के इनर घेरे में सिर्फ उनके जाने-पहचाने लोगों को ही शामिल करने की सलाह दी है। इसके साथ ही कश्मीर में कुछ जगहों पर पैदल न चलकर गाड़ी से यात्रा करने की सलाह दी गई है।