कांग्रेस नेता राहुल गांधी जल्द एक और यात्रा पर निकलने वाले हैं। यह यात्रा उनके नये 'व्हील प्लान' का हिस्सा होगी और वह मप्र के भी कुछ हिस्सों में आएंगे। दरअसल हाल में अमेरिका में वाशिंगटन डीसी से लेकर न्यूयॉर्क तक उन्होंने ट्रक की यात्रा की। इससे पहले राहुल ने दिल्ली से लेकर चंडीगढ़ तक ट्रक में बैठकर यात्रा की थी। राहुल की भारत जोड़ो यात्रा के बाद इस 'व्हील प्लान' वाली यात्रा को लेकर पार्टी ने पूरी तैयारियां की है।
योजना के मुताबिक राहुल गांधी सिर्फ ट्रक ही नहीं बल्कि ऑटो से लेकर कैब और बस से लेकर अन्य वाहनों में सफर करके लोगों से सीधे मुखातिब होने वाले हैं। कर्नाटक में भी उन्होंने सार्वजनिक बसों में तथा कामगारों के वाहनों पर सवारी की। नेताओं के मुताबिक राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद इस तरीके से सीधे तौर पर लोगों से मिलने की यह अनूठी योजना जल्द ही शुरू होगी। ज्ञात हो कि राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा के बाद अचानक ट्रक ड्राइवर, बस में सफर करने वाले और घरों में खाना पहुंचाने वाले होम डिलीवरी ब्वॉय से मुलाकात करनी शुरू की।
कांग्रेस की रणनीति बनाने वालों में शामिल एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि पार्टी लगातार जनसंपर्क अभियान चला रही है तथा राहुल इसी के तहत ऐसे सभी तबकों से मिलकर उनसे सीधे संपर्क कर रहे हैं जो रोजमर्रा की जिंदगी में रोज कमाते हैं और रोज खाते हैं। इस 'व्हील प्लान' के तहत देश के अलग-अलग राज्यों में शुरू करने की योजना बन रही है। दिल्ली से चंडीगढ़ और अमेरिका में वाशिंगटन डीसी से न्यूयॉर्क तक की सड़क यात्रा में ट्रक ड्राइवर से बातचीत के बाद पार्टी ने इसको बड़े स्तर पर आगे बढ़ाने की रणनीति बनानी शुरू कर दी है।