अगले साल लोकसभा चुनाव में मोदी-भाजपा के खिलाफ विपक्ष दलों की लामबंदी शुरू हो गई है। पटना में गैर बीजेपी दलों के महाजुटान में कांग्रेस, जदयू व राजद समेत करीब 15 दल के शीर्ष नेता पहुंचे हैं। आज राहुल ने पटना पहुंचने पर कहा कि हम सब मिलकर बीजेपी को हराने जा रहे हैं। देश में दो विचारधारा की लड़ाई चल रही है। एक तरफ कांग्रेस की भारत जोड़ो विचारधारा है तो दूसरी ओर बीजेपी- आरएसएस की भारत तोड़ो। 

खास बात यह है कि जमावडे के सूत्रधार व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राहुल खड़गे को रिसीव करने हवाईअड्डे पर पहुंचे। यह बैठक मुख्यमंत्री आवास पर हो रही है। हालांकि महाजुटान से पहले कुछ नेताओं की ओर से जिस तरह के बयान सामने आए हैं, उसके बाद सवाल ये है कि क्या एकजुटता के एजेंडे पर हो रही ये बैठक 'ऑफिशियल एजेंडे' तक सीमित रह पाएगी?

इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के अरविंद केजरीवाल, झारखंड के हेमंत सोरेन के साथ ही सपा चीफ अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे, एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार, नेशनल कांफ्रेंस नेता फारुक अब्दुल्ला, पीडीपी सुप्रीमो महबूबा मुफ्ती समेत लेफ्ट के कई नेता जैसे सीताराम येचुरी और डी राजा भी इस बैठक में शामिल हो रहे हैं।

कैसा है आपका मूड : पटना पहुंचे राहुल गांधी ने सदाकत आश्रम में कार्यकर्ताओं से पूछा आपका मूड कैसा है। मूड अच्छा है? आप जानते हैं। हिंदुस्तान में विचारधारा की लड़ाई चल रही हमारी विचारधारा भारत जोड़ो वाली है। कांग्रेस पार्टी का जो डीएनए है वो बिहार में है। राहुल ने कहा भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हर स्टेट में जहां भी जाता था तो वहां बिहार के लोग मिलते थे। वहां बिहार के लोगों ने हमारी मदद की, क्योंकि आप भारत जोड़ो यात्रा को मानते हैं। बीजेपी हिंसा द्वेष और तोड़ने का काम करती है। नफरत को नफरत से नहीं हटाया जा सकता, नफरत को मोहब्बत से ही जीता जा सकता है।

लालू के घर पहुंची ममता: पटना पहुंचने के बाद सबसे पहले ममता बनर्जी राबड़ी के आवास पहुंचीं। यहां उन्होंने लालू यादव से पैर छूकर आशीर्वाद लिया। हालांकि, उन्होंने बैठक में एजेंडा के सवाल पर कुछ भी बोलने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि हम लोग इकट्ठा होकर चुनाव लड़ेंगे। एक के खिलाफ एक लड़ेंगे। वहीं जम्मू में गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि पटना में फोटो सेशन चल रहा है, वो संदेश देना चाहते हैं कि वो मोदी को चुनौती देंगे। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि चाहे वो कुछ भी करें, वो कभी एकजुट नहीं रहेंगे।