कोरोना के मामले अब दिन पर दिन तेज़ी से बढ़ते ही जा रहा है. बीते एक दिन में संक्रमितों की संख्या 10 हजार के पार पहुंच गई है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में देशभर में Covid-19 के 10,158 नए मामले सामने आए हैं. 

इसके साथ ही संक्रमण दर बढ़कर 4.42 प्रतिशत हो गई है. इससे पहले बुधवार को भारत में कोरोना के 7,830 नए मामले सामने आए थे. दिल्ली में भी कोरोना ने टेंशन बढ़ा दी है.

कोरोना ने दिल्ली में बढ़ाई टेंशन-

राजधानी दिल्ली की बात करें तो 12 अप्रैल को कोरोना के 1149 नए मामले सामने आए थे. अब संक्रमण दर बढ़कर 23.8% हो गई है. जबकि 1 मरीज की मौत भी कोविड से हुई है. 

दिल्ली में फिलहाल कोरोना के 3347 एक्टिव केस हैं. जिनमें से 1995 होम आइसोलेशन में हैं और 203 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं.

महाराष्ट्र में 1115 मामले आए सामने-

महाराष्ट्र में 12 अप्रैल को एक ही दिन में 1115 मामले सामने आए जबकि 9 मरीजों की मौत हो गई. इसके साथ ही महाराष्ट्र में कोरोना के कुल 5421 सक्रिय मामले हैं. 

इस दौरान मुंबई में कोरोना के कुल 320 केस मिले हैं. वहीं, दो मरीजों की मौत भी हुई है. शहर में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 1577 है.

विशेषज्ञों का क्या कहना है?

कोविड के बढ़ते मामलों के बीच विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 10-12 दिन अहम होने वाले हैं क्योंकि, इस अंतराल में कोविड के मामलों में लगातार बढ़ोतरी होगी. 

हालांकि, इसके बाद संख्या में कमी आएगी. स्वास्थ्य विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि देश में एक बार फिर महामारी फैलनी शुरू हो गई है. अगले 10-12 दिनों तक मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. 

इसके बाद मामले कम होने लगेंगे. फ़िलहाल रोजाना मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या ज़रूर कम है और उम्मीद है कि यह संख्या कम ही रहेगी क्योंकि कोविड के मामलों में मौजूदा बढ़ोतरी नए वेरिएंट XBB.1.16 की वजह से है जो ओमिक्रॉन का सब-वेरिएंट है.

XBB.1.16 की विशेषताएं-

XBB.1.16 के लक्षण अन्य प्रकार के ओमिक्रॉन के समान हैं और इसमें बुखार, खांसी, ठंड लगना, नाक बहना, सिर दर्द, शरीर में दर्द, कभी-कभी पेट में दर्द और दस्त शामिल हैं. इनमें से अधिकांश रोगियों का इलाज घर पर ही किया जा सकता है और केवल गंभीर मामलों में ही अस्पताल ले जाने की आवश्यकता होती है.